माओवादियों पर फिर लगा खून-खराबे का आरोप
काठमांडू , 22 मई (आईएएनएस)। माओवादियों के खिलाफ एक व्यापारी की हत्या को लेकर काठमांडू में विरोध प्रदर्शन शुरू ही हुआ था कि नेपाली कांग्रेस ने भी उन पर एक भूमि विवाद में अपने एक कार्यकर्ता की हत्या का आरोप लगा दिया है।
प्रधानमंत्री गिरिजा प्रसाद कोइराला की सत्तारूढ़ नेपाली कांग्रेस (एनसी) ने कहा है कि उसके सदस्य जयाल बाम को माओवादियों ने मध्य पश्चिमी नेपाल स्थित सुरखेत जिले में मार डाला।
एनसी के बयान में कहा गया है कि बाम पर हमले का नेतृत्व एक स्थानीय माओवादी नेता अंगबहादुर बीके ने किया।
माओवादियों ने अपने 10 वर्ष लंबे जनयुद्ध में बाम की संपत्ति जब्त कर ली थी। शांति समझौते के बाद बाम ने अपनी जमीन की जुताई शुरू करवाई लेकिन माओवादियों ने उसे अपनी संपत्ति बताकर बाम पर हमला कर दिया।
बाम के परिवार वालों ने 22 लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है लेकिन पुलिस अपराधियों को पकड़ने में विफल रही है।
जिले के एक माओवादी नेता सूर्य बहादुर थापा ने इस घटना को सामाजिक संघर्ष का परिणाम बताया।
माओवादियों पर हत्या के नए आरोप तब सामने आए हैं जब इस महीने के शुरू में एक व्यापारी हरिराम श्रेष्ठ की हत्या के लिए उनको व्यापक जननिंदा का सामना करना पड़ा।
हरिराम माओवादियों के करीबी थे लेकिन इस महीने की शुरूआत में एक माओवादी अड्डे पर उनको बुरी तरह पीटा गया था। इन चोटों के कारण उनकी मौत हो गई थी।
सभी बड़ी राजनैतिक पार्टियों और छात्र संगठनों ने श्रेष्ठ की हत्या के विरोध में बुधवार को काठमांडू घाटी में बंद का आयोजन किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**












Click it and Unblock the Notifications