पश्चिम बंगाल के पंचायत चुनाव के परिणामों पर वामदल करेंगे मंथन
नई दिल्ली, 22 मई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल में संपन्न हुए पंचायत चुनावों के ताजा नतीजों ने वामपंथी दलों की पेशानी पर बल ला दिए हैं। यही वजह है कि वामपंथी दलों के केंद्रीय नेता इस पर सीधी प्रतिक्रिया देने से बच रहे हैं। हालांकि पार्टी नेता मानते हैं कि चुनावी नतीजे चिंता का विषय है।
प्रमुख वामपंथी दल मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) की वरिष्ठ नेता व पोलित ब्यूरो की सदस्य वृंदा करात से जब बार-बार चुनावी नतीजों पर प्रतिक्रिया मांगी गई तो उन्होंने आईएएनएस से सिर्फ इतना कहा, "यह हमारे लिए चिंता का विषय है।" पार्टी के वरिष्ठ नेता चुनावी नतीजों पर सीधी प्रतिक्रिया देने से बच रहे हैं।
पार्टी सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को वामदलों की समन्वय समिति की एक बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में पश्चिम बंगाल के पंचायत चुनावों के नतीजों पर विचार-मंथन किया जाएगा। साथ ही इस बात पर गंभीरता से चिंतन किया जाएगा कि पश्चिम बंगाल की बुद्धदेव भट्टाचार्य की सरकार द्वारा अपनाई गई औद्योगिकीकरण की नीतियों का कितना फायदा और कितना नुकसान हुआ है।
सूत्रों के मुताबिक इस बैठक में संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के चार वर्षो के कार्यकाल की उपलब्धियों व असफलताओं का आकलन भी किया जाएगा। इसके अलावा परमाणु करार, महंगाई और आतंकवाद के मुद्दे पर भी चर्चा की जाएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications