तेल व अमेरिकी पूंजी बाजार की मार से डूबा घरेलू शेयर बाजार (लीड-2)
मुंबई, 22 मई (आईएएनएस)। अमेरिकी पूंजी बाजारों में कल आई भारी गिरावट व कच्चे तेल की कीमतों में रिकार्ड उछाल के मद्देनजर घरेलू शेयर बाजारों में गुरुवार को जबरदस्त गिरावट दर्ज की गई।
बैंकिंग, पूंजीगत वस्तुओं, रियल्टी, ऊर्जा, व तेल और गैस क्षेत्र की कंपनियों के शेयरों में जबरदस्त बिकवाली का दबाव देखा गया। सूचना व प्रौद्योगिकी क्षेत्र की कंपनियों के शेयरों में हालांकि शुरुआती कारोबार के दौरान तेजी थी लेकिन बाद में रुपये में रिकवरी से नरमी को हावी होने का मौका मिला। रुपया आज डालर के मुकाबले 43 रुपये प्रति डालर के स्तर से नीचे चला गया।
अमेरिकी फेडरल रिजर्व की बैठक के बाद जारी बयान के मद्देनजर कल अमेरिकी शेयर बाजारों में तकरीबन 1.5 फीसदी की नरमी आई। बयान में बताया गया है कि बैंक की प्राथमिकता में फिलहाल महंगाई को नियंत्रण में लाना है। आर्थिक विशेषज्ञों के अनुसार फेडरल रिजर्व द्वारा विकास दर में कटौती के अनुमान और महंगाई पर नियंत्रण को लेकर दिए गए बयान से बैंक की अगली बैठक में ब्याज दर में कटौती की संभावना क्षीण हो गई है।
उधर, लंदन स्थित आईसीई वायदा में आज ब्रेंट क्रूड का जुलाई वायदा कारोबार के दौरान 135.14 डालर प्रति बैरल के उच्चतम स्तर तक चला गया। जबकि न्यूयार्क मर्के टाइल एक्सचेंज यानी नाइमेक्स में आज तेल का जुलाई वायदा कारोबार के दौरान 135.09 डालर प्रति बैरल की नई ऊंचाई पर देखा गया।
बाजार विशेषज्ञों के अनुसार निवेशक फिलहाल केंद्रीय सांख्यिकीय ब्यूरो से कल जारी होने वाले महंगाई के आंकड़ों का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। गत 3 मई को समाप्त हुए सप्ताह के दौरान देश में महंगाई दर 7.83 फीसदी थी।
वैश्विक पूंजी बाजारों से मिले नकारात्मक रुझानों के बीच मुंबई स्टाक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक सेंसेक्स गुरुवार को 336.05 अंक यानी 1.95 फीसदी गिरकर बंद हुआ। बीएसई में आज कुल 1,114 शेयरों के भाव चढ़े। कुल 1,782 शेयरों के भाव गिरे जबकि 178 शेयरों के भाव में कोई बदलाव नहीं देखा गया।
राष्ट्रीय शेयर बाजार (एनएसई ) का 50 शेयरों पर आधााित संवदी सूचकांक निफ्टी भी आज दिन के कारोबार की समाप्ति पर 92.2 अंक यानी 1.8 फीसदी की कमजोरी से 5,025.45 के स्तर पर दर्ज किया गया।
बीएसई के मिडकैप व स्मालकैप सूचकांकों में भी आज नरमी देखने को मिली। मिडकैप सूचकांक जहां 98.80 अंक यानी 1.38 फीसदी गिरकर 7,049.25 के स्तर पर बंद हुआ, वहीं स्मालकैप सूचकांक 125.14 अंक यानी 1.42 फीसदी की कमजोरी से 8,663.84 के स्तर पर देखा गया।
इससे पहले मुंबई स्टाक एक्सचेंज के 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 136.57 अंक गिरकर 17,104.59 पर खुला जबकि नेशनल स्टाक एक्सचेंज का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी आज 5,117.00 पर खुला।
बीएसई में आज जिन कंपनियों के शेयरों के भाव गिरे उनमें प्रमुख हैं:- टाटा मोटर्स , रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्च र, आईसीआईसीआई बैंक, एसबीआई, सुजलान एनर्जी व आइडिया सेलुलर। हिंडाल्को, स्टरलाइट इंडस्ट्रीज, हीरो होंडा व गेल के शेयरों के भाव चढ़े।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications