कर्नाटक विधानसभा चुनावों में अंतिम चरण का मतदान प्रारंभ
बंगलौर, 22 मई (आईएएनएस)। कुल 224 सदस्यों वाली कर्नाटक विधानसभा की 69 सीटों के लिए तीसरे और अंतिम चरण का मतदान आज सुबह प्रारंभ हो गया। इससे पहले 10 मई को 89 और 16 मई को 66 सीटों के लिए मतदान हो चुका है।
आज राज्य के बेलगाम, गुलबर्ग, बागाल्कोट, बीजापुर, बीदर, गडग, धारवाड़ और हावेरी जिलों के 12,389 मतदान केंद्रों पर मतदान हो रहा है।
इस दौरान 57.6 लाख महिलाओं समेत कुल 1.17 करोड़ लोग मतदान द्वारा 699 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। शांतिपूर्ण मतदान के लिए 55 हजार सुरक्षाकर्मियों को नियुक्त किया गया है।
पिछले चार वर्षो से भी कम समय में तीन गठबंधन सरकारों का पतन देख चुके राज्य में कांग्रेस अथवा भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) किसी के लिए भी बहुमत हासिल करने के लिए इस चरण में अधिक सीटों का जीतना बेहद महत्वपूर्ण है।
इन चुनावों में जिन प्रमुख प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होगा उनमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खार्गे, कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री धर्म सिंह और जनता दल-यूनाइटेड के प्रदेश अध्यक्ष मेरजुद्दीन पटेल शामिल हैं।
गौरतलब है कि धर्म सिंह और खार्गे अगर चुनाव जीत जाते हैं तो यह दोनों के लिए लगातार नौ चुनाव जीतने का एक रिकार्ड होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications