गिरफ्तार आतंकवादी के तार जुड़ सकते हैं अन्य विस्फोटों से : दिल्ली पुलिस
नई दिल्ली, 22 मई (आईएएनएस)। बांग्लादेश के आतंकवादी संगठन हरकत-उल-जिहाद-अल-इस्लामी (हुजी) के गिरफ्तार किए गए आतंकवादी अब्दुर रहमान पर दिल्ली पुलिस ने संदेह व्यक्त किया है कि इसकी भूमिका वाराणसी और जयपुर विस्फोट मामले में हो सकती है।
पुलिस ने गुरुवार को बताया कि रहमान उर्फ मोहम्मद इकबाल सलीम को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के चेम्सफोर्ड रोड से बुधवार को गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस के मुताबिक रहमान ने पूछताछ के दौरान विस्फोटकों के संबंध में जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने पश्चिम दिल्ली में जनकपुरी के डी ब्लाक में स्थित मस्जिद के पास जमीन के नीचे दबे विस्फोटकों को जब्त कर लिया। इसमें तीन किलो सौ ग्राम आरडीएक्स, पांच डेटोनेटरों और एक टाइमर डिवाइस शामिल है।
एक पुलिस अधिकारी के अनुसार इस आतंकवादी संगठन की योजना राजधानी में विस्फोट करने की थी।
संयुक्त पुलिस आयुक्त (विशेष सेल) के करनैल सिंह ने संवाददाताओं से कहा कि जयपुर के सिलसिलेवार बम विस्फोट में रहमान की भूमिका संदिग्ध है। इसकी जांच के लिए राजस्थान से पुलिस अधिकारियों की एक टीम आ रही है। उन्होंने कहा कि वाराणसी विस्फोट मामले में भी इसकी भूमिका की जांच की जा रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications