प्रधानमंत्री के रात्रिभोज को लेकर वाम दल बंटे
नई दिल्ली, 22 मई (आईएएनएस)। संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (यूपीए) सरकार की चौथी वर्षगांठ पर आज आयोजित रात्रि भोज के ठीक पहले वामदलों के आपसी मतभेद एक बार फिर सामने आ गए।
एक ओर जहां भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने इसमें शामिल होने का फैसला किया है वहीं उनके छोटे सहयोगियों फारवर्ड ब्लाक और रिवोल्युशनरी सोशलिस्ट पार्टी (आरएसपी) ने कहा है कि वे इससे दूर रहेंगी।
माकपा सूत्रों ने इस बात की पुष्टि की है कि पार्टी महासचिव प्रकाश करात, पोलित ब्यूरो सदस्य सीताराम येचुरी और वृंदा करात तथा शहर में मौजूद पार्टी के सांसद, प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के आवास पर आयोजित रात्रि भोज में शिरकत करेंगे।
इसके अलावा भाकपा महासचिव ए.बी.वर्धन और डी.राजा भी इसमें भाग लेंगे।
दूसरी ओर आरएसपी और फारवर्ड ब्लाक के नेताओं का कहना है कि हम इसका बहिष्कार करेंगे क्योंकि इसमें भाग लेना ढोंग करना होगा।
फारवर्ड ब्लाक के राष्ट्रीय सचिव जी. देवराजन ने आईएएनएस से कहा, "शुक्रवार को वाम दल यूपीए सरकार और उसकी नीतियों के खिलाफ आंदोलन शुरू करने की नीति पर चर्चा करने वाले हैं। इसके ठीक एक दिन पहले सरकार की मेजबानी वाले रात्रि भोज में भाग लेना हम उचित नहीं समझते।"
गौरतलब है कि हाल में पश्चिम बंगाल में स्थानीय निकाय चुनावों के दौरान हुए रक्तरंजित संघर्ष के बाद माकपा और उसके सहयोगी दलों के संबंधों में कड़वाहट आई है। इसके अलावा भारत-अमेरिका परमाणु समझौते को लेकर भी इन दलों में मतभेद सामने आए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications