तिब्बत के समाधान के लिए यूरोपीय संघ एक मॉडल : दलाई लामा
लंदन, 22 मई (आईएएनएस)। तिब्बती धर्मगुरु दलाई लामा ने गुरुवार को कहा कि चीन और तिब्बत के सहअस्तित्व और अर्थपूर्ण स्वायत्तता के लिए यूरोपीय संघ एक संभावित मॉडल हो सकता है।
ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग कारपोरेशन (बीबीसी) को दिए एक साक्षात्कार में तिब्बत की आजादी की बात को खारिज करते हुए दलाई लामा ने कहा कि वह केवल स्वायत्तता के लिए प्रतिबद्ध हैं। इसमें रक्षा और विदेशी मामलों के लिए चीन जिम्मेदार होगा और व्यापार, शिक्षा, पर्यावरण और अन्य मामले तिब्बतियों द्वारा स्वयं संभाले जाएंगे।
यद्यपि दलाई लामा ने चेतावनी दी कि यदि तिब्बत की स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ और वहां दमन जारी रहा तो स्वतंत्रता की मांग जोर पकड़ सकती है।
दलाई लामा ने बीजिंग ओलंपिक के उद्घाटन समारोह के बहिष्कार का निर्णय करने वाले पश्चिमी देशों के नेताओं का समर्थन किया।
नोबेल शांति पुरस्कार विजेता ने कहा कि ओलंपिक खेलों का पूरी तरह समर्थन करने के बावजूद वह साफ करना चाहते हैं कि विश्व को इस मौके का उपयोग चीनी अधिकारियों को यह बातने के लिए करना चाहिए कि उनका मानवाधिकार रिकार्ड काफी खराब है।
दलाई लामा ने कहा कि मेरा व्यक्तिगत रूप से मानना है कि चीन को इसे महसूस कराने का सबसे अच्छा तरीका उद्धाटन समारोह में उपस्थित नहीं रहना है। यदि किसी को चीनी नेताओं से मिलना और बात करना अधिक प्रभावी लगता है तो वह वहां जा सकता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications