भुट्टो की हत्या की जांच संयुक्त राष्ट्र से करने को कहेगा पाक
इस्लामाबाद, 22 मई (आईएएनएस)। पाकिस्तान ने गुरुवार को कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री बेनजीर भुट्टो की हत्या मामले की जांच के लिए वह शीघ्र ही संयुक्त राष्ट्र से अपील करेगा।
यहां एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में विदेश मंत्री शाह मेहमूद कुरैशी ने कहा, "विदेश और कानून मंत्रालय में चर्चा के बाद हमने इसके लिए पत्र तैयार कर लिया है।"
संवाददाता सम्मेलन में कानून मंत्री फारूक नाइक ने कहा कि इस बारे में शीघ्र ही संयुक्त राष्ट्र के महासचिव बान की मून को पत्र भेजा जाएगा।
पिछले दिसंबर में एक चुनावी सभा में पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) की तत्कालीन अध्यक्ष भुट्टो की हत्या कर दी गई थी।
उनकी हत्या की जांच में शामिल होने के लिए राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ ने स्कॉटलैंड यार्ड टीम को बुलाया था।
यद्यपि नाइक ने कहा कि स्कॉटलैंड यार्ड को जांच में 'सीमित स्वतंत्रता' दी गई थी। उन्होंने कहा कि उसे केवल यह जांचने का अधिकार दिया गया था कि भुट्टो की हत्या की गई या नहीं। उसे यह जांचने का अधिकार नहीं था कि इसके पीछे किसका हाथ है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications