भूकंप के एक सप्ताह बाद भी लोगों की तलाश जारी
हांवांग (चीन), 21 मई (आईएएनएस)। चीन के दक्षिण पश्चिमी इलाके में आए विनाशकारी भूकंप के एक सप्ताह से भी लंबा अरसा बीत जाने के बाद भी बचावकर्मी मलबे में दबे लोगों को निकालने का प्रयास कर रहे हैं।
हांवांग का डोंगफांग टर्बाइन कारखाना जो कभी इलाके की शान हुआ करता था आज मलबे के ढेर में बदला हुआ है।
कारखाने के मैनेजर पेंग जिया ने बताया, "हमने अब तक 378 शव बरामद किए हैं जबकि 160 लोग अभी भी लापता हैं।"
राहतकर्मी लगातार मलबों से लोगों को निकाल कर उन्हें चिकित्सा सुविधाएं प्रदान कर रहे हैं। मलबे में लोगों को खोजने के लिए वे कचरा हटाने वाली मशीनों, स्टील काटने वाले यंत्र और ऐसे ही अन्य औजारों का उपयोग कर रहे हैं।
जहां एक ओर इस बीच हुई भारी बारिश ने राहत कार्यो में बाधा पहुंचाई है वहीं दूसरी ओर मलबे में कई दिन पुराने शवों के दबे होने के कारण यहां कई तरह की बीमारियां पैदा होने का अंदेशा भी है।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार ऐसे अनुमान लगाए गए हैं कि इस महीने की 12 तारीख को आए इस भूकंप से अबतक लगभग 50 हजार लोगों की मौत हो चुकी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications