त्रिपुरा में 29 आतंकवादियों ने किया आत्मसमर्पण
अगरतल्ला, 21 मई (आईएएनएस)। त्रिपुरा में दो प्रतिबंधित अलगाववादी संगठनों से जुड़े 29 आतंकवादियों ने असम राइफल्स के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है। इसके अलावा एक अन्य घटना में त्रिपुरा के कमालपुर क्षेत्र में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने चार आतंकवादियों को गिरफ्तार कर लिया है।
एक पुलिस प्रवक्ता ने बुधवार को बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले सभी आंतकवादी प्रतिबंधित बोरोक नेशनल काउंसिल ऑफ त्रिपुरा (बीएनसीटी) और नेशनल लिबरेशन फ्रंट ऑफ त्रिपुरा (एनएलएफटी) से संबंधित हैं।
असम राइफल्स से जारी बयान के अनुसार मंगलवार को आत्मसमर्पण करने वाले ये आतंकवादी बांग्लादेश के चटगांव पहाड़ी के शिविरों में ठहरे हुए थे।
बयान के मुताबिक आतंकवादी सूर्यराम रीयांग ने अपने आत्मसमर्पण करने का कारण बताते हुए कहा कि उनके रहने और भोजन का कोई प्रबंध नहीं था,जबकि उनके नेता आरामदायक जीवन जीते हैं।
गौरतलब है कि इस साल त्रिपुरा में प्रतिबंधित संगठनों के 200 से अधिक आतंकवादियों ने आत्मसमर्पण कर दिया है।
इस बीच, बीएसएफ ने भारत-बांग्लादेश सीमा पर स्थित त्रिपुरा के कमालपुर क्षेत्र में मेघालय के प्रतिबंधित संगठन हीनीवट्रेप नेशनल लिबरेशन काउंसिल (एचएनएलसी) के चार आतंकवादियों को गिरफ्तार कर लिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications