हुर्रियत का उदारवादी धड़ा चुनाव में भाग नहीं लेगा (लीड)
श्रीनगर, 21 मई (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर के अलगाववादी संगठन हुर्रियत कॉन्फ्रेंस उदारवादी धड़े ने आज घोषणा की कि वह राज्य विधानसभा के आगामी चुनाव में हिस्सा नहीं लेगा।
हुर्रियत नेता मीरवाइज उमर फारूक ने ईदगाह मैदान में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, "भारत में 1947 से चुनाव हो रहे हैं लेकिन उन्होंने न तो आज तक कश्मीर समस्या का हल निकाला है न ही भविष्य में निकालेंगे।'
हुर्रियत कॉन्फ्रेंस के उदारवादी धड़े ने आज कश्मीर के नेता मीरवाइज मौलाना मोहम्मद फारूक की 18वीं पुण्यतिथि पर बंद का ऐलान किया था। गौरतलब है आज ही के दिन 2002 में पीपुल्स कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष अब्दुल गनी लोन की भी हत्या हुई थी।
आज श्रीनगर में सरकारी कार्यालय, शिक्षा संस्थान, बैंक और दुकानें बंद रहीं। राज्य के अन्य शहरों में भी बंद का मिला-जुला असर पड़ा।
मीरवाइज उमर फारुख ने भारत-पाकिस्तान के बीच मंत्री स्तर की बैठक का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि कश्मीर समस्या पर बातचीत में यहां के लोगों को शामिल किया जाना बहुत जरूरी है।
उन्होंने कहा कि वह भारत और पाकिस्तानी प्रधानमंत्रियों को समस्या के समाधान के लिए कश्मीर आने का न्यौता देते हैं। फारूक के अनुसार आगामी बातचीत मुजफ्फराबाद, दिल्ली और इस्लामाबाद में होनी चाहिए।
कश्मीर समस्या के हल में प्रमुख राजनीतिक दलों की भूमिका को लेकर उन्होंने कहा, "उनका स्वागत है, लेकिन हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि उनके हाथ कश्मीर के बेकसूर लोगों के खून से रंगे हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications