बेमौसम बरसात से राजधानी हुई बेहाल
नई दिल्ली, 21 मई (आईएएनएस)। तालाब बनी हुई सड़कें, लंबे ट्रैफि क जाम के कारण कारों की मीलों लंबी कतारें और हवाई अड्डे पर इंतजार में खड़े विमान, ये कुछ दृश्य हैं बेमौसम बरसात से बेहाल राजधानी दिल्ली के।
कल रात से रूक-रूक कर हो रही बरसात ने यह चिंता भी पैदा कर दी है कि कहीं यह भी जलवायु परिवर्तन का लक्षण तो नहीं हैं।
देश के मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि ये बारिश पाकिस्तान की सीमा से लगे राजस्थान के कुछ इलाकों और हिमाचल प्रदेश में आए दो हल्के तूफानों के कारण हो रही है।
दिल्ली में आईएमडी के प्रमुख एस. सी. भान ने बताया कि यह कोई बहुत बड़ी घटना नहीं है और इसे जलवायु परिवर्तन से जोड़कर नहीं देखना चाहिए।
उन्होंने बताया कि चूंकि यह तूफान अभी छोटे पैमाने पर आया है इसलिए इसका मानसून पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।
गौरतलब है कि दिल्ली में मंगलवार को तापमान 29 डिग्री सेल्सियस मापा गया जो देर रात घटकर 20 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।
मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार तक दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, उतराखंड, हिमाचल प्रदेश और पश्चिमी उत्तरप्रदेश में इसी तरह के मौसम बने रहने की संभावना है।
विभाग ने बताया है कि बेमौसम बरसात ने आम की फसल को काफी नुकसान पहुंचाया है और ऐसा आगे भी होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर ,उत्तरप्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में पूरे सप्ताह बरसात हो सकती है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पहली मानसूनी हवाओं ने देश के पश्विमी और दक्षिणी इलाकों में दस्तक दे दी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications