थाइलैंड के किसान उठा रहे हैं चावल की आर्गेनिक खेती का मजा
चैकोइंगसाओ (थाइलैंड), 21 मई (आईएएनएस)। थाइलैंड में 'आर्गेनिक' खेती द्वारा चावल उत्पादन करने वाले किसान इस साल बहुत प्रसन्न हैं। ऐसा इसलिए है क्योंकि घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय बाजारों में चावल की कीमतों में इस वर्ष दोगुनी से भी अधिक की वृद्धि हुई है।
थाइलैंड में 'आर्गेनिक' खेती करने वाले किसानों के पास खुश होने के और भी कारण हैं। अभी भी वहां अधिकांश किसान रासायनिक उर्वरकों पर निर्भर हैं और वे आर्गेनिक खेती का प्रयोग बहुत छोटे पैमाने पर करते हैं।
एक स्थानीय किसान उपिन खसाना ने बताया, "तेल की कीमतों में इजाफे के कारण रासायनिक उर्वरकों की कीमतों में भी वृद्धि हुई है। इसका फायदा आर्गेनिक खेती करने वाले लोगों को मिला है।"
ग्रीन नेट ब्रांड नाम के साथ आर्गेनिक चावल का उत्पादन करने वाली कंपनी जिसकी स्थापना लगभग 14 साल पहले हुई थी वह आज लगभग 2,000 टन चावल का सालाना निर्यात कर रही है।
कंपनी के निदेशक वितून पान्याकुल ने कहा, "हमने स्थानीय स्तर पर चावल की बिक्री शुरू की थी लेकिन आज हम अपने कुल उत्पादन का 85 फीसदी निर्यात कर रहे हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications