महंगाई दर पर टिकीं निवेशकों की निगाहें (लीड-2)
नई दिल्ली, 21 मई (आईएएनएस)। कच्चे तेल की कीमतों में जारी तेजी व महंगाई आंकड़ों में और बढ़ोतरी की आशंका के बीच घरेलू शेयर बाजार बुधवार को मामूली तेजी से बंद हुए।
निवेशक फिलहाल निवेशकों को केंद्रीय सांख्यिकीय संगठन (सीएसओ) से शुक्रवार को जारी होने वाले महंगाई आंकड़ों का बेसब्री से इंतजार है। गत 3 मई को समाप्त हुए सप्ताह के दौरान देश में महंगाई दर 7.83 फीसदी थी।
साथ ही निवेशकों को फिलहाल कच्चे तेल की कीमतों में रुख जानने के लिए अमेरिकी ऊर्जा मंत्रालय के सूचना व प्रशासन विभाग से बुधवार को जारी होने वाले क्रूड, हीटिंग आयल व गसोलिन के इन्वेंटरी आंकड़ों पर भी नजर होगी। पिछले सप्ताह क्रूड व हीटिंग आयल के स्टाक में बढ़ोतरी, जबकि गैसोलिन के स्टाक में कमी दर्ज की गई थी।
इन सबसे इतर निवेशकों को फेडरल रिजर्व यानी फेडरल ओपन मार्केट कमेटी (एफओएमसी ) की बैठक के बाद जारी होने वाले मिनट्स का भी इंतजार है।
उधर, एशियाई व यूरोपीय पूंजी बाजारों में शुरुआती कारोबार के बाद आई तेजी के चलते घरेलू शेयर बाजारों में कारोबार के अंतिम सत्र में रिकवरी देखने को मिला। तेल व गैस, धातु, और पूंजीगत वस्तुओं से संबंधित कंपनियों के शेयरों में लिवाली दर्ज की गई, जबकि बैंकिंग और औषधि निर्माण क्षेत्र की कंपनियों के शेयरों में बिकवाली हावी रहा।
मुंबई स्टाक एक्सचेंज (बीएसई ) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक सेंसेक्स बुधवार को 17,041.63 और 17,293.34 के निम्नतम और उच्चतम स्तर के बीच कारोबार करते हुए 12.98 अंक यानी 0.08 फीसदी बढ़कर 17,243.16 के स्तर पर बंद हुआ।
राष्ट्रीय शेयर बाजार (एनएसई ) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी भी दिन के कारोबार की समाप्ति पर 12.7 अंक यानी 0.25 फीसदी की मजबूती से 5,117.65 के स्तर पर दर्ज किया गया।
बाजार विशेषज्ञों के अनुसार कच्चे तेल की कीमतों में जारी तेजी से तेल व गैस क्षेत्र की कंपनियों में तगड़ी खरीददारी देखी गई। न्यूयार्क मर्के टाइल एक्सचेंज यानी नाइमेक्स के इलेक्ट्रानिक ट्रेडिंग में तेल का जुलाई वायदा बुधवार को कारोबार के दौरान 130.47 डालर प्रति बैरल की नई ऊंचाई को छू गया। नाइमेक्स के पिट कारोबार में जून का तेल वायदा 2.02 डालर चढ़कर 129.07 डालर प्रबत बैरल बंद हुआ।
बीएसई के मिडकैप व स्मालकैप सूचकांकों में भी आज बढ़त देखी गई। मिडकैप सूचकांक जहां 41.99 अंक यानी 0.59 फीसदी बढ़कर 7,148.05 के स्तर पर बंद हुआ, वहीं स्मालकैप सूचकांक 130.37 अंक यानी 1.51 फीसदी की तेजी से 8,788.98 के स्तर पर दर्ज किया गया। बीएसई में आज कारोबार के दौरान कुल 1,806 शेयरों के भाव चढ़े। कुल 1,111 शेयरों के भाव गिरे जबकि कुल 185 शेयरों के भाव में कोई बदलाव नहीं देखा गया।
इससे पहले वैश्विक शेयर बाजारों से मिले नकारात्मक रुझानों के बीच मुंबई स्टाक एक्सचेंज का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक 'सेंसेक्स' आज सुबह 163 अंकों के नुकसान के साथ 17,067 पर खुला।
बीएसई में आज जिन कंपनियों के शेयर के भाव चढ़े उनमें प्रमुख हैं:- टाटा स्टील, एम एंड एम, भेल, नाल्को व रिलायंस पेट्रोकेमिकल्स। एचडीएफसी बैंक, हिंदुस्तान यूनीलीवर, एनटीपीसी, सुजलान एनर्जी व सन फर्मा के शेयरों के भाव गिरे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications