स्टाक में कमी से तेल 132 डालर के पार (लीड)
नई दिल्ली, 21 मई (आईएएनएस)। स्टाक में आई कमी के मद्देनजर न्यूयार्क मर्के टाइल एक्सचेंज यानी नाइमेक्स के इलेक्ट्रानिक कारोबार में बुधवार को कारोबार के दौरान तेल का जुलाई वायदा 132.08 डालर प्रति बैरल के उच्चतम स्तर तक पहुंच गया।
लंदन स्थित आईसीई वायदा में भी ब्रेंट क्रूड का जुलाई वायदा 131.13 डालर प्रति बैरल की नई ऊंचाई पर दर्ज किया गया। नाइमेक्स के पिट कारोबार में फिलहाल समान अवधि का तेल वायदा 2.82 डालर प्रति बैरल यानी 2.2 फीसदी की तेजी से 131.80 डालर प्रति बैरल है। इससे पूर्व नाइमेक्स के पिट कारोबार में समान अवधि का तेल वायदा 131.90 डालर प्रति बैरल की ऊंचाई तक पहुंच गया।
बाजार विश्लेषकों के अनुसार अनुमान से उलट आए इन्वेंटरी आंकड़ों से तेल की कीमतों को समर्थन मिला है।
अमेरिकी ऊर्जा मंत्रालय के सूचना व प्रशासन विभाग से बुधवार को जारी आंकड़ों के अनुसार 16 मई को समाप्त हुए सप्ताह के दौरान देश में क्रूड के स्टाक में 53 लाख बैरल की गिरावट दर्ज की गई। विश्लेषकों को अनुमान था कि समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान क्रूड के स्टाक में 50 लाख बैरल तक की वृद्धि हो सकती है।
आंकड़ों में हालांकि हीटिंग आयल के स्टाक में समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान 7.28 लाख बैरल वृद्धि की बात कही गई है। वहीं गैसोलिन के स्टाक में समीक्षाधीन अवधि के दौरान 7.55 लाख बैरल की कमी दर्ज की गई। विश्लेषक हीटिंग आयल व गसोलिन दोनों में क्रमश: 12 लाख व 4 लाख बैरल की वृद्धि का अनुमान लगा रहे थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications