भोपाल गैस पीड़ितों ने प्रधानमंत्री निवास के बाहर किया प्रदर्शन
नई दिल्ली, 21 मई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निवास के बाहर मानव श्रंखला बनाकर विरोध प्रदर्शन कर रहे 22 महिलाओं सहित कुल 37 भोपाल गैस पीड़ितों को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया। सरकार के सामने वे अपनी परेशानियां रखना चाह रहे थे।
संयुक्त पुलिस आयुक्त (नई दिल्ली) अजय कश्यप ने आईएएनएस से कहा, "उन्हें प्रधानमंत्री निवास के पास जाने की इजाजत नहीं थी इसलिए मानव श्रंखला बनाकर वहां खड़े हो गए। हमने उन्हें अलग-अलग करके गिरफ्तार कर लिया।"
'भोपाल गैस पीड़ित महिला कर्मचारी संघ', 'भोपाल गैस पीड़ित महिला पुरुष संघर्ष मोर्चा' और 'भोपाल ग्रुप ऑफ इंफोरमेशन एंड एक्शन' के बैनर तले यूनियन कार्बाइड, नुकसानदेह रसायनों के विरोध में और भोपाल गैस पीड़ितों के लिए पुनर्वास की व्यवस्था को लेकर यह विरोध प्रदर्शन किया गया था।
गौरतलब है कि 2-3 दिसंबर, 1984 को भोपाल में यूनियन कार्बाइड कीटनाशक संयंत्र से निकली जहरीली मिथाइल आइसोसाइनाइट गैस से 3,800 लोगों की मृत्यु हो गई थी। आज भी वहां के बच्चे जन्म के साथ कई गंभीर बीमारियों के साथ दुनिया में कदम रखते हैं।
आंदोलनकारी नित्यानंद जयरामन के अनुसार उन सभी ने मिलकर प्रधानमंत्री को कितनी ही चिट्ठियों, फैक्स और ईमेल लिखे, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications