झांसी में कुत्तों ने नोच नोचकर मार डाला नवजात को
झांसी, 21 मई (आईएएनएस)। बुंदेलखंड के झांसी में खुले आसमान के नीचे जन्मे बच्चे की किलकारियां कुत्तों के भौंकने के शोर के बीच दबकर रह गई। बच्चे को जन्म देने वाली महिला के बेहोश होते ही नवजात शिशु को कुत्तों ने नोच नोचकर मार डाला।
घटना बुधवार सुबह लगभग छह बजे की है। शहर से रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाली सड़क किनारे सिंचाई विभाग के महानगर कार्यालय के पास एक महिला ने सुबह के करीब छह बजे एक बच्चे को जन्म दिया। सुबह के वक्त घूमने जाने वालों ने बच्चे की किलकारी सुनी है।
सिंचाई विभाग के कर्मचारी चरन सिंह के मुताबिक बच्चे को जन्म देने के बाद महिला बेहोश हो गई और कुत्तों ने बच्चे पर धावा बोल दिया। सुबह की सैर पर निकल रहे लोगों को जब इसकी खबर हुई तो उन्होंने बच्चे को बचाने की कोशिश की। कुत्ते तो भाग गए मगर बच्चे की जान नहीं बच सकी। इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
पुलिस ने बेहोश महिला को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती करा दिया है और बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस संदर्भ में जब झांसी के नगर पुलिस अधीक्षक वी़ डी़ शुक्ला से जानकारी ली गई, तो उन्होंने अनभिज्ञता जाहिर की।
होश में आई महिला अपना नाम सीमा बता रही है। दक्षिण भारतीय भाषा बोलने के कारण उसकी भाषा को कोई समझ नहीं पाया। इससे यह पता नहीं चल सका कि यह महिला सिंचाई कार्यालय तक कैसे पहुंची और वह कहां से आई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications