मुंबई में छठ न मनाएं लालू जी : मनोज तिवारी
पटना, 21 मई (आईएएनएस)। पटना में आयोजित एक समारोह में भोजपुरी फिल्म के सुपरस्टार मनोज तिवारी ने रेलमंत्री लालू प्रसाद यादव से आग्रह किया है कि वह मुंबई में छठ पूजा न मनाएं क्योंकि इससे उत्तर भारतीय पुन: परेशानी में पड़ सकते हैं।
भोजपुरी विश्व संगठन द्वारा आयोजित एक सम्मान समारोह में मनोज तिवारी ने कहा, "विपक्षी दल जानबूझकर लालू प्रसाद को मुंबई में छठ मनाने के लिए उकसा रहा है, जिससे कि वहां का माहौल और भी खराब हो।
उन्होंने कहा कि लालूजी को मुंबई के लिए पटना का छठ छोड़ने की जरूरत नहीं है। वह इस बार मुंबई छठ मनाने जाएंगे और मैं पिछले 10 वर्षो से लगातार मुंबई से पटना छठ मनाने आता रहा हूं।
भोजपुरी फिल्मस्टार ने आगे कहा कि भोजपुरी भाषा को अभी बहुत कुछ हासिल करना है। सबसे पहले तो इस भाषा को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल करावाने की कोशिश करनी है। ऐसी स्थिति में विवादों में पड़ने की जरूरत नहीं है।
उल्लेखनीय है कि नीदरलैंड में मनोज तिवारी के नाम से डाक टिकट जारी होने के उपलक्ष्य में भोजपुरी विश्व संगठन ने मंगलवार को पटना में यह सम्मान समारोह आयोजित किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications