जमुई में 97 नक्सली हिरासत में
पटना, 21 मई (आईएएनएस)। बिहार के जमुई जिले के खैरा जंगल से कल देर रात पुलिस ने 97 संदिग्ध नक्सलियों को हिरासत में ले लिया, इनमें 30 महिलाएं भी शामिल हैं। जमुई पुलिस द्वारा यह कार्रवाई विशेष कार्य दल (एसटीएफ) और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ ) के साथ मिलकर की गई। इस दौरान कई संदिग्ध नक्सली भागने में भी कामयाब रहे।
जमुई के आरक्षी अधीक्षक विनय कुमार ने बताया कि कार्रवाई के दौरान घटनास्थल से पुलिस ने झंडा-बैनर, नक्सली साहित्य, जनरेटर, सीडी तथा भारी मात्रा में बर्तन बरामद किए हैं। कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि रात में यहां नक्सली संगठन की बैठक होने वाली है। सूचना मिलते ही पुलिस ने जंगल में छापामारी की।
उन्होंने कहा कि अभी हिरासत में लिये लोगों से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के बाद ही पता चलेगा कि हिरासत में लिये गये लोगों में से कितने लोग नक्सली हैं और कितने ग्रामीण।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications