भारत के निर्माण में 'सहयोग' कर रही पाक सेना
इस्लामाबाद, 21 मई (आईएएनएस)। पाकिस्तान की सेना भारत में निर्माण कार्यो में मदद करे यह बात कई लोगों के गले नहीं उतर सकती है लेकिन पूरी तरह सच है।
पाकिस्तान की 'फौजी' सीमेंट कंपनी भारत को सीमेंट का निर्यात करती है। फौजी सीमेंट कंपनी उन 15 पाकिस्तानी सीमेंट कंपनियों में एक है जिन्हें भारत के अधिकारियों ने सीमेंट व्यापार के लिए सूचीबद्ध किया है।
फौजी सीमेंट कंपनी पाकिस्तानी सेना के पूर्व सैनिकों के कल्याण के लिए चलाए जाने वाले फौजी फाउंडेशन द्वारा संचालित है। इस फाउंडेशन का प्रबंधन पाकिस्तानी सेना करती है।
भारत में बढ़ती हुई निर्माण गतिविधियों के लिए पिछले वर्ष पाकिस्तान से 240,000 मीट्रिक टन सीमेंट का आयात किया गया था।
पाकिस्तान सीमेंट कंपनी के निर्यात बिक्री प्रबंधक तारिक अदम नें आईएएनएस को बताया कि भारत में पाकिस्तानी सीमेंट की मांग लगातार बढ़ रही है। हमें पड़ोसी देश के साथ व्यापार और बढ़ने की आशा है।
पाकिस्तान के निर्यातकों को परिवहन संबंधी कुछ समस्याओं का सामना अवश्य करना पड़ रहा है। लेकिन अदम को विश्वास है कि इनको जल्दी ही सुलझा लिया जाएगा।
गौरतलब है कि भारत और पाकिस्तान के बीच आपसी विश्वास बहाली के उपायों के तहत दोनों देशों की सरकारें व्यापार बढ़ाने पर पर जोर दे रही हैं।
एसोसिएटेड चैंबर्स आफ कामर्स एंड इंडस्ट्री आफ इंडिया (एसोचैम) ने अपनी ताजा रिपोर्ट में कहा है कि दोनों देश अपना आपसी व्यापार बढ़ा कर 2010 तक पांच अरब डालर कर सकते हैं। दोनों देशों के बीच मौजूदा व्यापार अभी केवल दो अरब डालर ही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**












Click it and Unblock the Notifications