अमेरिकी समूहों ने किया क्यूबा के आरोपों का समर्थन
वाशिंगटन, 21 मई (आईएएनएस)। हाल के दिनों में क्यूबा के साथ संबंधों में आए तनावों के बीच अमेरिकी सामाजिक समूहों के एक संघ ने मंगलवार को कहा कि अमेरिका ने लुइस पोसादा कैरिल्स नामक एक कुख्यात आतंकवादी को क्यूबा में हिंसक गतिविधियां संचालित करने के लिए प्रोत्साहित किया।
उन्होंने यह भी कहा कि उसने कैरिबयाई देशों में मानवाधिकार कार्यकर्ताओं को अवैध रूप से धन की आपूर्ति भी की।
'एक्ट नाउ टु स्टाप द वार एंड ईंड रेसिज्म' (एएनएसडब्ल्यूईआर) नामक संगठन के समन्वयक ब्रायन बेकर ने एक संवाददाता सम्मेलन में मांग की कि अमेरिका को औपचारिक रूप से पोसादा के खिलाफ आतंकवाद का आरोप लगाना चाहिए। गौरतलब है कि वेनेजुएला, निकारागुआ और क्यूबा कई सालों से इसके प्रत्यर्पण की मांग कर रहे हैं।
बेकर के साथ पोसादा प्रत्यर्पण मामले पर वेनेजुएला के अटार्नी जोस पर्टेरिया और अनेक ऐसे लोग मौजूद थे जो लगातार मांग कर रहे हैं कि अमेरिका की जेलों में बंद पांच क्यूबाइयों को रिहा किया जाए।
इससे पहले सोमवार को क्यूबा ने हवाना में एक अमेरिकी राजनीतिज्ञ माइकल पार्मली पर आरोप लगाया था कि वह अमेरिका में रह रहे क्यूबाई असंतुष्टों को उनकी गतिविधियां चलाने के लिए धन उपलब्ध करा रहा है।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार अमेरिका के विदेश मंत्रालय ने क्यूबा की जेलों में बंद मानवाधिकार कार्यकर्ताओं के साथ लगाव व्यक्त किया है। इस बीच यह भी अनुमान लगाया जा रहा है कि राष्ट्रपति जार्ज बुश क्यूबा के स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उसके ऊपर नए और कड़े प्रतिबंधों की घोषणा कर सकते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications