तूरा लोकसभा उपचुनाव में संगमा परिवार आमने-सामने
तूरा (मेघालय), 21 मई (आईएएनएस)। उत्तर-पूर्व के राज्य मेघालय की तूरा लोकसभा सीट पर गुरुवार को होने वाले उपचुनाव में पूर्व लोकसभा अध्यक्ष पूर्णो अगितोक (पीए) संगमा के परिवार के दो सदस्य आमने सामने हैं।
राज्य की सत्तारूढ़ राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) की उम्मीदवार पीए संगमा की पुत्री अगाथा कोंगकाल संगमा का मुकाबला निर्दलीय उम्मीदवार बोस्टन मराक से है जो संगमा के बड़े भाई के पुत्र हैं।
तूरा संसदीय सीट से इस वर्ष के पूर्व में संगमा ने विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए इस्तीफा दिया था। विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करने के बाद पीए संगमा अब मेघालय योजना परिषद के अध्यक्ष और राज्य के बेताज मुख्यमंत्री हैं।
संगमा के दो पुत्र कोनार्ड और जेम्स भी इस वर्ष के शुरू में राजनीति में आए हैं। दोनों ने इस वर्ष विधानसभा चुनावों में जीत हासिल की है। कोनार्ड अब राज्य के वित्त, पर्यटन और ऊर्जा और कुछ अन्य विभागों के मंत्री हैं और जेम्स संसदीय सचिव हैं।
संगमा के आलोचकों का कहना है कि वह गांधी परिवार की तरह ही राज्य में वंशवाद स्थापित करना चाहते हैं।
इस आरोप पर संगमा कहते हैं, "मैं राज्य में वंशवाद नहीं चलाना चाहता। मेरे दोनों लड़के विदेश से शिक्षित हैं और यह हमारा कत्र्तव्य है कि हम राज्य को कुछ वापस लौटाएं। राजनीति में शिक्षित लोगों की आवश्यकता है।"
पीए संगमा 1977 से लोकसभा में तूरा संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**












Click it and Unblock the Notifications