पाक में मुशर्रफ की ससम्मान विदाई की तैयारी!
इस्लामाबाद, 21 मई (आईएएनएस)। पाकिस्तान की नई सरकार राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ को नवंबर में आपातकाल लागू करने के लिए अपमानित किए बिना सम्मानजनक विदाई के लिए रास्ता तैयार कर रही है।
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार मुशर्रफ को तीन नवंबर 2007 को संसद भंग करने के असंवैधानिक कार्य के लिए माफी देने के बदले उनसे इस्तीफा देने का आग्रह किया गया है।
पाकिस्तान के कानून मंत्री फारुक एच नाइक ने इस पर संशय बनाए रखते हुए कहा, "इंतजार कीजिए और देखिये कुछ दिनों में सब साफ हो जाएगा।"
मुशर्रफ के लिए यह प्रस्ताव पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) द्वारा तैयार नए संवैधानिक पैकेज पर आसिफ अली जरदारी के साथ राष्ट्रपति की बातचीत के दौरान सामने आया।
सूत्रों के अनुसार राष्ट्रपति ने महसूस कर लिया है कि पीपीपी उनके द्वारा बर्खास्त सभी न्यायाधीशों की बहाली के साथ ही राष्ट्रपति के अधिकारों में कमी करना चाहती है।
मुशर्रफ को बर्खास्त न्यायाधीशों की बहाली और अधिकारविहिन राष्ट्रपति पद स्वीकार नहीं है। अत: वह संसद द्वारा पास किए जाने वाले 18वें संविधान संसोधन को समर्थन देने के बदले में सम्मान पूर्वक पद छोड़ने की गारंटी चाहते हैं।
अगले महीने संसद के बजट सत्र के दौरान पेश किए जाने वाला संविधान संशोधन विधेयक प्रमुख रूप से अनुच्छेद 6 पर केंद्रित है।
अनुच्छेद के अनुसार राष्ट्रपति द्वारा संविधान का उल्लंघन करने पर उनपर राजद्रोह लगाया जा सकता है। यद्यपि इसमें यह भी प्रावधान है कि राष्ट्रपति राजद्रोह के मामले को सर्वोच्च न्यायालय में चुनौती दे सकते हैं।
संविधान संशोधन में सर्वोच्च न्यायालय में राष्ट्रपति के चुनौती देने के अधिकार को खत्म कर दिया जाएगा।
पीपीपी के सूत्रों से प्राप्त समाचारों के अनुसार मुशर्रफ इस संविधान संशोधन प्रस्ताव को समर्थन देन के लिए के बदले सौदेबाजी कर रहे हैं, ताकि वह ससम्मान पद त्याग सकें।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications