सोना का अगला निशाना 950 डालर प्रति औंस
नई दिल्ली, 21 मई (आईएएनएस)। कच्चे तेल की कीमतों में तेजी व डालर में कमजोरी के मद्देनजर सोना 950 डालर प्रति औंस को छूने की तैयारी में लगा हुआ है। पिछले चार कारोबारी दिवस के दौरान कामेक्स में सोने का जून वायदा 6 फीसदी की बढ़ोतरी हासिल कर चुका है। इससे पूर्व मंगलवार को यह पिछले एक महीने के उच्चतम स्तर पर दर्ज किया गया।
न्यूयार्क मर्के टाइल एक्सचेंज नाइमेक्स के कामेक्स डिवीजन में मंगलवार को सोना का जून वायदा कारोबार के दौरान 923 डालर प्रति औंस की ऊंचाई को छूते हुए अंतत: 14.40 डालर बढ़कर 920.20 डालर प्रति औंस पर बंद हुआ। कामेक्स के इलेक्ट्रानिक ट्रेडिंग में सोने का जून वायदा कारोबार के दौरान 924.10 डालर प्रति औंस की ऊंचाई तक पहुंच गया।
बाजार विशेषज्ञों के अनुसार कमजोर डालर व कच्चे तेल की कीमतों में तेजी से सोने की कीमत सप्ताह के आने वाले कारोबारी दिवस के दौरान 950 डालर प्रति औंस तक पहुंच सकती है। नाइमेक्स के इलेक्ट्रानिक ट्रेडिंग में तेल का जून वायदा मंगलवार को कारोबार के दौरान 129.60 डालर प्रति बैरल की नई ऊंचाई को छू गया। नाइमेक्स के पिट कारोबार में समान अवधि का तेल वायदा 2.02 डालर चढ़कर 129.07 डालर प्रबत बैरल बंद हुआ।
यूरोपीयन इकोनोमिक रिसर्च के प्रमुख वाल्फगैंग फ्रैंज के बयान, कि मंहगाई पर नियंत्रण के लिए ब्याज दरों में वृद्धि की जानी चाहिए, के मद्देनजर कारोबार के दौरान डालर मंगलवार को यूरो के मुकाबले तीन सप्ताह के निम्नतम स्तर यानी 1.5676 डालर प्रति यूरो दर्ज किया गया। फेडरल रिजर्व के वाइस चेयरमैन डोनाल्ड कोहेन के अमेरिकी अर्थव्यवस्था में हो रहे क्रमिक सुधार से सबंधित बयान से डालर कारोबार के दौरान बाद में हालांकि मामूली सुधरा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications