इंदौर में बदमाशों ने चार लाख रुपये लूटे
इन्दौर, 20 मई (आईएएनएस)। इंदौर में बदमाशों ने मंगलवार को फिर अपने हाथ दिखाए और एक परिवार को बंधक बनाकर नकदी सहित चार लाख रुपये का माल लूटकर चंपत हो गए। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है मगर उसके हाथ कोई भी सुराग नहीं लग पाया है।
जानकारी के अनुसार तीन बदमाशों ने इंदौर विकास प्राधिकरण की स्कीम नंबर 114 में रहने वाले अनिल उमके के घर पर दस्तक दी। इस समय अनिल की पत्नी और उसका बच्चा घर पर अकेला था। दरवाजा खुलने के बाद तीनों बदमाश जबरन भीतर घुस गए और उन्होंने दोनों को बांधकर कमरे में बंद कर दिया। थोड़ी ही देर बाद अनिल उमके घर पहुंचे, तो बदमाशों ने उन्हें बाथरूम में बंद कर दिया। बदमाश इत्मीनान से पौने दो लाख रुपये नकद और दो लाख से अधिक के जेवरात लेकर चंपत हो गए।
बदमाशों का निशाना बने अनिल उमके का मकान लतूड़िया थाने में आता है। इस थाने के प्रभारी संजीव मुले ने मामला दर्ज करने के बाद घटनास्थल का मुआयना किया। थाना प्रभारी के मुताबिक पुलिस ने लुटेरों की तलाश शुरू कर दी है।
चौबीस घंटे के भीतर इंदौर में लूट की यह दूसरी बड़ी वारदात है। सोमवार को चार बदमाशों ने स्टेट बैंक ऑफ इंदौर की नाबदापंथ शाखा से चार लाख रुपये लूटे थे। पुलिस इस लूट का न तो खुलासा कर पाई है और न ही लुटेरों का पता चल पाया है। उसके बाद हुई इस एक और वारदात ने पुलिस पर उंगली उठा दी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications