लखनऊ में दलित छात्रा ने की आत्महत्या
लखनऊ, 20 मई (आईएएनएस)। राजधानी लखनऊ में एक 13 वर्षीय दलित छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। वह कक्षा छह में पढ़ती थी और परीक्षा में फेल हो गई थी।
लखनऊ के वजीरगंज थाना प्रभारी विनोद सिरोही ने आईएएनएस को बताया कि लेसा पावर हाउस कॉलोनी, वजीरगंज में रहने वाले शिवबक्श की 13 वर्षीय पुत्री नीलू ने सोमवार देर रात फांसी लगा ली।
सिरोही के मुताबिक नीलू के घरवालों ने तत्काल उसे बलरामपुर अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने के कारण यहां से उसे देर रात ही ट्रामा सेंटर स्थानांतरित कर दिया गया। यहां मंगलवार को उसकी मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि वह नारी शिक्षा निकेतन में कक्षा 6 की छात्रा थी और सोमवार को आए परीक्षा परिणाम के मुताबिक वह फेल हो गई थी, जिसके कारण उसने आत्महत्या कर ली।
गौरतलब है कि राजधानी लखनऊ में बीते दो महीनों में परीक्षा में फेल होने को लेकर करीब दर्जनभर छात्र-छात्राओं ने आत्महत्या कर अपनी जान दे दी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
मदद बस एक कॉल दूर
पहचान पूर्णतः गोपनीय , पेशेवर परामर्श सेवा
iCALL मेंटल हेल्पलाइन नंबर: 9152987821
सोम - शनि: सुबह 10 बजे - शाम 8 बजे












Click it and Unblock the Notifications