आईसीएसई परीक्षा में श्रुति का प्रथम स्थान
वाराणसी, 20 मई (आईएएनएस)। आईसीएसई बोर्ड की वार्षिक परीक्षा में वाराणसी की श्रुति सिंह ने न सिर्फ बाजी मारी है बल्कि पूरे देश में प्रथम स्थान प्राप्त करके वाराणसी का नाम रोशन किया है।
सोलह वर्षीया श्रुति सिंह के घर पर आज तीन बजे से ही बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। बधाई देने वाले उसकी प्रतिभा की एक तरफ जहां दाद दे रहे हैं तो दूसरी तरफ उसके पिता अमरेन्द्र सिंह को बच्चों की बेहतर परवरिश के लिए बधाई भी दे रहे हैं। श्रुति ने इस परीक्षा में 98.6 प्रतिशत अंक प्राप्त करके पूरे देश में अव्वल स्थान प्राप्त किया है।
वाराणसी के सेंट जोसेफ स्कूल की छात्रा श्रुति सिंह का निवास स्थान शिवपुर में है। इसके पिता अमरेन्द्र सिंह पंजाब नेशनल बैंक में विशेष सहायक के पद पर भदोही में कार्यरत हैं। श्रुति के पिता अमरेन्द्र सिंह ने बताया, "श्रुति प्रतिदिन 5 से 6 घंटे पढ़ती थी। वह बचपन से ही प्रतिभाशाली थी। श्रुति के ऊपर कभी किसी ने पढ़ने के लिए दबाव नही दिया। वह ख़ुद ही समय से पढ़ने के लिए बैठ जाया करती थी।"
श्रुति को क्रिकेट मैच देखना ज्यादा पसंद है। वह श्रुति हंसते हुए बताती है कि ट्वेंटी-20 मैच ही देखना उसे ज्यादा पसंद है, टेस्ट मैच नहीं। क्रिकेट खिलाड़यिों में उसे गौतम गंभीर की अदाएं खूब भाती हैं। श्रुति की भगवान में भी अटूट आस्था है। उससे जब यह पूछा गया कि वह आगे चलकर क्या बनाना चाहेगी तो उसने गंभीरता से कि वह कल्पना चावला की तरह वैज्ञानिक बन कर देश का नाम रोशन करना चाहती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications