हाजिर सोना व चांदी झूमे वैश्विक बाजारों के संग
नई दिल्ली, 20 मई (आईएएनएस)। वैश्विक बाजारों से मिले सकारात्मक रुझानों के बीच घरेलू हाजिर बाजारों में सोना व चांदी बढ़कर बंद हुए। कच्चे तेल की कीमतों में तेजी व डालर में कमजोरी वैश्विक बाजारों में सोना व चांदी की कीमतों में बढ़त के लिए जिम्मेदार हैं।
निवेशक फिलहाल बुधवार को फेडरल ओपन मार्केट कमेटी (एफओएमसी) की प्रस्तावित बैठक से जारी होने वाले मिनट्स का इंतजार कर रहे हैं। बाजार समीक्षकों के अनुसार मिनट्स के जारी होने से पहले तक सोना 900 से 910 डालर प्रति औंस के स्तर पर बरकरार रहेगा।
अंतर्राष्ट्रीय बाजार में आज हाजिर सोना 3.55 डालर की तेजी से 908.15 डालर प्रति औंस देखा गया। यूरो की तुलना में डालर में कमजोरी मंगलावार को भी जारी है। डालर आज 1.5598 यूरो प्रति डालर दर्ज किया गया। नाइमेक्स में तेल 127 डालर प्रति बैरल के ऊपर चल रहा है।
नाइमेक्स में सोमवार को तेल का जून वायदा कारोबार के दौरान 127.77 डालर प्रति औंस की ऊंचाई को छूते हुए अंतत: 76 सेंट चढ़कर 127.05 डालर प्रति बैरल बंद हुआ।
तकनीकी विशेषज्ञों के अनुसार अल्पावधि में सोना में 870 से 930 डालर प्रति औंस के बीच कारोबार देखा जा सकता है।
मुंबई सर्राफा बाजार में आज सोना (995) और (999) क्रमश: 275 और 280 रुपये चढ़कर 12,500 और 12,560 रुपये प्रति दस ग्राम बंद हुए। चांदी 215 रुपये की तेजी से 23,975 रुपये प्रति किलो बंद हुई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications