प्लैटिनम 2,500 डालर प्रति औंस को छूने की तैयारी में
नई दिल्ली, 20 मई (आईएएनएस)। मौजूदा वर्ष के दौरान प्लैटिनम की कीमत 2,500 डालर प्रति औंस के स्तर तक पहुंच सकती है। मांग की तुलना में कम आपूर्ति कीमतों में बढ़ोतरी के लिए जिम्मेदार होंगी।
मौजूदा वर्ष के दौरान दक्षिण अफ्रीका में खान मजदूरों की हड़ताल व ऊर्जा संकट की वजह से प्लैटिनम का उत्पादन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। विश्व को 76 फीसदी प्लैटिनम की आपूर्ति इसी देश से होती है।
बाजार विशेषज्ञों के अनुसार मौजूदा वर्ष के दौरान दक्षिण अफ्रीका में प्लैटिनम के उत्पादन में 2 लाख औंस तक की कमी दर्ज की जा सकती है। अगर इससे ज्यादा की कमी नहीं आई तो वैश्विक स्तर पर मांग की तुलना में आपूर्ति में 6 लाख औंस तक की कमी देखी जा सकती है। वर्ष 2007 के दौरान आपूर्ति में 4 लाख 80 हजार औंस की कमी आई थी।
उधर, मौजूदा वर्ष के दौरान प्लैटिनम की मांग में भारी वृद्धि की संभावना व्यक्त की जा रही है। इसकी वजह अमेरिका व यूरोप में औद्योगिक इकाइयों के लिए नए उत्सर्जन संबंधी प्रावधान का अस्तित्व में आना है। कुल वैश्विक मांग का दो-तिहाई इस्तेमाल औद्योगिक इकाइयों के उत्सर्जन संबंधी मानकों को पूरा करने में किया जाता है।
जहां तक आभूषण संबंधी मांग का प्रश्न हैं, कमोबेश वर्ष 2007 के स्तर पर ही बरकरार रहने का अनुमान है। वर्ष 2007 में भी प्लैटिनम के आभूषण संबंधी मांग में 15.9 लाख औंस की गिरावट आई थी जो कुल आभूषण मांग का 22 फीसदी है।
न्यूयार्क मर्के टाइल एक्सचेंज यानी नाइमेक्स में सोमवार को प्लैटिनम का जुलाई वायदा 26.20 डालर प्रति औंस बढ़कर 2,158.20 डालर प्रति औंस बंद हुआ।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications