ओलंपिक मशाल तिब्बत में, चीन ने भारतीय तीर्थयात्रियों को रोका
नई दिल्ली, 20 मई (आईएएनएस)। सरकार ने कैलाश मानसरोवर यात्रा पर जाने वाले तीर्थयात्रियों के दो जत्थों के कार्यक्रम को स्थगित कर दिया है। ऐसा इसलिए किया गया है क्योंकि ओलंपिक मशाल के तिब्बत में होने के कारण चीन ने भारत से कैलाश मानसरोवर यात्रा पर पहुंचने वाले पहले दो जत्थों के तीर्थयात्रियों प्रवेश देने से इंकार कर दिया है।
इस सिलसिले में गत मार्च में भी चीनी अधिकारियों ने भारत सरकार को इस संबंध में अपनी समस्या से अवगत करा दिया था।
चीन के इस फैसले से केंद्र सरकार को आघात पहुंचा है क्योंकि केंद्र सरकार ने 7 मई को घोषणा की थी कि कैलाश मानसरोवर यात्रा अपने निर्धारित समय पर होगी।
चीन के मौजूदा निर्णय के बाद तीसरा जत्था 13 जून को कैलाश मानसरोवर की यात्रा को जाएगा। मंगलवार को जारी एक सरकारी बयान में कहा गया है कि सरकार पहले और दूसरे जत्थे के तीर्थयात्रियों को भी यात्रा की मंजूरी दिलाने के लिए चीनी अधिकारियों के सम्पर्क में है।
गौरतलब है कि कैलाश मानसरोवर यात्रा जून से सितंबर तक के चार महीनों के दौरान होती है। इस यात्रा में 60 भारतीय तीर्थयात्रियों के प्रति जत्थे के हिसाब से 16 जत्थे तिब्बत की यात्रा करते हैं। हिंदू मान्यता के अनुसार कैलाश मानसरोवर को भगवान शिव का निवास स्थान माना जाता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications