मुकेश अंबानी को मिलेगा 'पर्सन आफ द ईयर' सम्मान
मुंबई, 20 मई (आईएएनएस)। रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के अध्यक्ष मुकेश अंबानी को वर्ष 2007 के लिए 'पर्सन आफ द ईयर' सम्मान से नवाजा जाएगा।
मशहूर गुजराती साप्ताहिक चित्रलेखा की ओर से गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को एक कार्यक्रम में मुकेश को सम्मानित करेंगे। मोदी को भी दो वर्ष पहले यह सम्मान मिला था।
इसी कार्यक्रम में रिलायंस अनिल धीरूभाई अंबानी समूह के अध्यक्ष अनिल अंबानी को चित्रलेखा बिजनेस पर्सन आफ द ईयर 2007 से सम्मानित किया जाएगा। उन्हें वर्ष 2005 में भी यह पुरस्कार मिला था।
अंबानी बंधुओं के अलावा बालीवुड अभिनेता अक्षय कुमार को फिल्म पर्सन आफ द ईयर और भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान एम. एस. धोनी को स्पोर्ट्स पर्सन आफ द ईयर सम्मान के लिए चुना गया है।
उल्लेखनीय है कि मुकेश अंबानी और नरेंद्र मोदी के अलावा राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल, प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, माकपा नेता प्रकाश करात, सामाजिक कार्यकर्ता अण्णा हजारे, पर्यावरण विशेषज्ञ आर.के. पचौरी, मुंबई के आतंकवाद निरोधी अदालत के न्यायाधीश पी.डी. कोड़े और जी समूह के अध्यक्ष सुभाष चंद्रा को पर्सन आफ द ईयर से सम्मानित किया जा चुका है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications