आत्मसमर्पण करने वाले विद्रोहियों से बनेगी बटालियन : गोगोई
गुवाहाटी, 20 मई (आईएएनएस)। असम सरकार बहुत जल्द आत्मसमर्पण करने वाले विद्रोहियों की एक सशस्त्र बटालियन बनाएगी और उनका इस्तेमाल आतंकवाद विरोधी अभियानों में किया जाएगा।
असम के मुख्यमंत्री तरुण गोगोई ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि आत्मसमर्पण करने वाले करीब एक हजार विद्रोहियों की एक बटालियन बनाई जाएगी और उन्हें अभियानों में लगाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि असम में बीते दो दशकों में करीब आठ हजार विद्रोहियों ने आत्मसमर्पण किया और मुख्य धारा में शामिल हो गए।
मुख्यमंत्री गोगोई ने कहा कि इन विद्रोहियों को पहले से ही हथियार चलाने के अनुभव हैं, इसलिए इन्हें नियुक्ति के बाद शीघ्र ही अभियान में लगाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि नई बटालियन की नियुक्ति के कुछ पैमाने होंगे और उन्हीं विद्रोहियों को इसमें शामिल किया जाएगा, जिनका आत्मसमर्पण करने के बाद रिकॉर्ड काफी अच्छा होगा।
मुख्यमंत्री गोगोई ने अपनी सरकार की प्रतिबद्धता बताते हुए कहा कि राज्य में जारी हिंसा से कड़ाई के साथ निपटा जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications