तांतिया कंस्ट्रक्शन ने उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया
पटना, 6 मई (आईएएनएस)। बिहार की राजधानी पटना में सड़क निर्माण के काम में जुटी बहुराष्ट्रीय कंपनी तांतिया कंस्ट्रक्शन ने पटना उच्च न्यायालय में न्याय की गुहार लगाई है। कंपनी से राज्य सरकार ने ठेका वापस ले लिया था।
तांतिया कंस्ट्रक्शन का कहना है कि राज्य सरकार ने सड़क निर्माण के लिए अनुबंध की शर्तो का उल्लंघन किया है। निर्माण के दौरान सरकार से समुचित सहयोग नहीं मिला। निर्माणाधीन सड़क क्षेत्र से बिजली के खंभे व पेड़ नहीं हटाए गए। छरी की व्यवस्था सरकार की जिम्मेदारी थी पर सरकार इसकी आपूर्ति नहीं कर पाई।
कंपनी का दावा है कि तमाम बाधाओं के बावजूद सड़क निर्माण का काम किया जा रहा था, लेकिन एकाएक सारे काम वापस लेकर सरकार ने गैर कानूनी रवैया अपनाया है। न्यायालय कंपनी की याचिका पर बुधवार को सुनवाई करेगी।
उधर सरकार की इस मामले में अपनी सख्ती जारी है। मुख्यमंत्री नीतिश कुमार ने कहा है कि वह गलत काम को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेंगे।
पथ निर्माण विभाग ने कंपनी की बैंक गारंटी वापस लेकर विभागीय दिशा-निर्देश संबंधित बैंक को भेज दिया है।
गौरतलब है कि तांतिया कंस्ट्रक्शन को पटना की 29 सड़कों के निर्माण का काम टेंडर के माध्यम से दी गई थी। काम में लापरवाही बरतने का आरोप लगाकर सरकार ने अनुबंध वापस ले लिए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
