विधायक पर हमला, बाल-बाल बचीं
पटना, 6 मई (आईएएनएस)। सीतामढ़ी जिले के बथनाहा विधानसभा क्षेत्र की लोक जनशक्ति पार्टी की विधायक नगीना देवी पर कल देर रात रीगा प्रखंड के कुसमारी चौक पर कुछ लोगों ने घात लगाकर हमला किया। हमले में वह बाल-बाल बच गईं।
घटना में उनका अंगरक्षक रामजीराम गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हुआ। अंगरक्षक को सीतामढ़ी सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में उसे बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच पटना भेज दिया गया।
घटना के बारे में सीतामढ़ी के आरक्षी अधीक्षक अजिताभ कुमार ने बताया कि पुलिस ने संदेह के आधार पर पुष्परंजन नामक एक स्थानीय व्यक्ति को हिरासत में लिया है। घटनास्थल से पुलिस ने बिना नंबर की तीन मोटरसाइकिलें भी जब्त की हैं। कुमार ने बताया कि मामले की जांच जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रीगा प्रखंड की पोसुआ पटनिया पंचायत में बाढ़ राहत खाद्यान्न वितरण में कथित धांधली की जांच के क्रम में कल खैरवा गांव में कुछ लोगों ने नगीना देवी के पुत्र मनोज कुमार व विधायक प्रतिनिधि दयाशंकर पासवान की जम कर पिटाई कर दी थी। गंभीर स्थिति में दोनों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया था। इस सिलसिले में
रीगा थाने में विधायक पुत्र द्वारा रीगा के बीडीओ समेत पांच लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। इस विवाद को शांत कराने ही नगीना देवी कल वहां जा रही थीं कि उसी दौरान उन पर हमला हो गया। सूचना के अनुसार विधायक एवं स्थानीय पोसुआ पटनिया पंचायत के मुखिया विजेंद्र यादव के बीच बाढ़ राहत खाधान्न वितरण की जांच को लेकर विवाद चल रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
