ताइवान के हितों का ख्याल रखे जापान : बियान
ताइपेई, 6 मई (आईएएनएस)। ताइवान के राष्ट्रपति चेन शूइ-बियान ने जापान से कहा है कि वह चीन से इस हफ्ते एक संधि पर हस्ताक्षर करने के दौरान उसके हितों को दरकिनार न करे।
जापानी सांसद तामाजावा तोकियूचिरो से भेंट के दौरान चेन ने कहा कि चीन के राष्ट्रपति हू जिंताओ का पांच दिनों का जापान दौरा मंगलवार से शुरू हो रहा है। ताइवान इस बात को लेकर खुश है कि चीन और जापान एक संधि पर हस्ताक्षर करने जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि ताइवान का मानना है कि इससे ताइवान-जापान संबंधों में और भी ज्यादा मजबूती आएगी। चेन ने उम्मीद जताई कि चीन और जापान द्वारा समझौते पर हस्ताक्षर के दौरान ताइवान के लोगों की भावनाओं को चोट पहुंचाने वाले शब्दों का इस्तेमाल करने से बचा जाएगा।
भेंट के दौरान उन्होंने जापान को याद दिलाया कि ताइवान एक सार्वभौम राष्ट्र है और यह चीन का एक हिस्सा नहीं है। उन्होंने स्वीकार किया कि जापान का ताइवान से आधिकारिक रूप से बहुत ज्यादा संबंध नहीं है,फिर भी ताइवान को उम्मीद है कि उसके लोगों की भावनाओं को आहत नहीं होने दिया जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।