आईटी शेयरों में चमक के बावजूद सेंसेक्स पिछड़ा (लीड)
मुंबई, 6 मई (आईएएनएस)। अमेरिकी व यूरोपीय शेयर बाजारों से मिले नकारात्मक रुझानों के चलते घरेलू शेयर बाजार आज नरमी से बंद हुए। डालर की तुलना में रुपये में भारी गिरावट के मद्देनजर सूचना प्रौद्योगिकी के शेयरों में हालांकि कारोबार के अंतिम सत्र में तगड़ी लिवाली दर्ज की गई। रियल्टी, ऊर्जा, पूंजीगत वस्तुओं व औषधि निर्माण क्षेत्र की कंपनियों के शेयरों में आज बिकवाली का दबाव देखा गया।
मुंबई स्टाक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक मंगलवार को 17,441.41 के स्तर पर खुला और 17,237.68 और 17,502.15 के न्यूनतम और उच्चतम स्तर के बीच कारोबार करते हुए अंतत: 117.89 अंक यानी 0.67 फीसदी कमजोर होकर 17,370.01 के स्तर पर बंद हुआ।
बीएसई में आज कारोबार के दौरान कुल 1,065 शेयरों के भाव चढ़े। कुल 1,817 शेयरों के भाव में गिरावट दर्ज की गई जबकि कुल 203 शेयरों के भाव में कोई बदलाव नहीं देखा गया।
फारेक्स के अनुसार रुपया आज डालर की तुलना में पिछले 8 महीनों के निम्नतम यानी 6 सितंबर 2007 के स्तर पर चला गया। एक डालर की कीमत आज 40.85 रुपये के बराबर दर्ज गई।
राष्ट्रीय शेयर बाजार (एनएसई) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी भी आज दिन के कारोबार की समाप्ति पर 47.60 अंक यानी 0.92 फीसदी की कमजोरी से 5,144.65 के स्तर पर दर्ज किया गया।
बीएसई के मिडकैप व स्मालकैप सूचकांकों में भी आज नरमी का माहौल रहा। मिडकैप सूचकांक जहां 68.95 अंक यानी 0.94 फीसदी टूटकर 7,230.31 के स्तर पर बंद हुआ वहीं, स्मालकैप सूचकांक 96.11 अंक यानी 1.09 फीसदी गिरकर 8,749.24 के स्तर पर बंद हुआ।
बीएसई के आईटी सूचकांक में आज 1.53 फीसदी की बढ़त देखी गई। टेक महिंद्रा, सत्यम कंप्यूटर्स, इंफोसिस, विप्रो और टीसीएस के शेयरों में क्रमश: 2.49 फीसदी, 1.96 फीसदी, 1.84 फीसदी, 1.70 फीसदी और 1.44 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई।
दिन के कारोबार के दौरान बीएसई में आज जिन कंपनियों के शेयर के भाव चढ़े उनमें प्रमुख हैं:- स्टरलाइट इंडस्ट्रीज, सत्यम कंप्यूटर्स, इंफोसिस व एचसीएल। यूनीटेक, भारती एयरटेल व जयप्रकाश एसोसिएट्स के शयरों के के भाव गिरे। मुंबई स्टाक एक्सचेंज (बीएसई) में आज रुपये में कमजोरी के चलते सूचना प्रौद्योगिकी के शेयरों में जबरदस्त मजबूती आई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
