म्यांमार अपने नागरिकों को बचाने में रहा असफल : लारा बुश
वाशिंगटन, 6 मई (आईएएनएस)। अमेरिका की प्रथम महिला लारा बुश का कहना है कि म्यांमार तूफान से अपने नागरिकों को बचाने में असफल रहा है।
अमेरिकी राष्ट्रपति जार्ज बुश की पत्नी लारा बुश ने कहा, "म्यांमार अपने नागरिकों को तूफान की पूर्व सूचना देकर बचा सकता था, लेकिन वह ऐसा करने में असफल रहा।"
संयुक्त राज्य अमेरिका ने म्यांमार को आपातकालीन सहायता के तौर पर 250,000 डालर देने की घोषणा की है।
गौरतलब है कि म्यांमार में पिछले सप्ताहांत में नरगिस तूफान में मरने वालों की संख्या बढ़कर 10 हजार हो गई है।
लारा बुश ने कहा कि म्यांमार की सैन्य सरकार अगर अमेरिका की मदद लेने पर सहमति देती है तो उन्हें और अधिक ठोस सुविधाएं मुहैया कराई जा सकती है। उन्होंने कहा, "हम चिंतित है कि क्योंकि म्यांमार ने अमेरिका की मदद को अभी तक स्वीकार नहीं किया है। मैं सैन्य शासन से सहायता लेने की गुजारिश करती हूं। इस समय उसे इस मदद की बेहद आवश्यकता है।"
गौरतलब है कि म्यांमार की सैन्य सरकार दूसरे देशों की मदद न लेने और स्वयंसेवी संगठनों को देश में प्रवेश की अनुमति न देने के लिए अधिक जानी जाती है।
अमेरिका की प्रथम महिला ने कहा, " आपदा में सहायता पहुंचाने के लिए हमारे बचाव दल अपनी सेवा देने के लिए तैयार है। हमें केवल म्यांमार के सैन्य शासन की सहमति का इंतजार है।"
तूफान के लिए म्यांमार शासन को दोषी ठहराते हुए उन्होंने कहा कि वहां शासन अपने नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं देने में भी असफल रही है।
गौरतलब है कि म्यांमार में लोकतंत्र की हिमायती तथा नोबल शांति पुरस्कार विजेता आंग सान सू की पिछले पांच साल से अपने ही देश में नजरबंद हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
