राष्ट्रमंडल खेलों के सहारे पर्यटन को प्रोत्साहन
दुबई, 6 मई (आईएएनएस)। केंद्रीय पर्यटन राज्य मंत्री कांती सिंह ने कहा है कि भारत वर्ष 2010 में आयोजित राष्ट्रमंडल खेलों का इस्तेमाल पर्यटन उद्योग को बढ़ावा देने के लिए करेगा।
सिंह आज दुबई में एक पर्यटन प्रदर्शनी के दौरान बोल रही थीं। उन्होंने कहा, "हम समझते हैं 2010 में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों से पर्यटन उद्योग को भारी प्रोत्साहन मिलेगा।"
'अरबियन ट्रेवल मार्केट' (एटीएम) में भारतीय प्रकोष्ठ का उद्घाटन करते हुए सिंह ने कहा, "खेल शुरू होने से पहले हम होटलों में कमरों की संख्या बढ़ाने पर जोर देंगे।"
पर्यटन राज्य मंत्री ने आईएएनएस को बताया, "भारत में दूसरे अन्य देशों की तुलना में सस्ती स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराई जाती हैं। इसलिए हम इस क्षेत्र को ज्यादा से ज्यादा बढ़ावा देना चाहते हैं। इसके अलावा मानसून पर्यटन के प्रोत्साहन के लिए नए तरह से प्रचार अभियान की शुरुआत की जा रही है।"
पर्यटन मंत्रालय में संयुक्त सचिव ई. के. भारत भूषण का कहना है कि भारतीय पर्यटन क्षेत्र में मानसून पर्यटन नई बात है। इसके लिए लोगों को प्रोत्साहित करने का काम किया जा रहा है। मानसून पर्यटन के लिहाज से केरल माकूल गंतव्य हो सकता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।