परमाणु करार करने को प्रतिबद्ध है सरकार : श्याम शरण
नई दिल्ली, 6 मई (आईएएनएस)। भारत-अमेरिका परमाणु करार के मसले पर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के विशेष दूत की भूमिका निभा रहे पूर्व विदेश सचिव श्याम शरण ने कहा है कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार इस करार को लेकर अभी भी पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
शरण का यह बयान आज परमाणु करार को लेकर संप्रग सरकार और वामदलों के बीच गठित समन्वय समिति की बैठक के चंद घंटे पहले आया।
राजधानी स्थित वूमेंस प्रेस क्लब में पत्रकारों से चर्चा करते हुए शरण ने कहा, "करार अभी खत्म नहीं हुआ है। सरकार परमाणु समझौते को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इसे सफल बनाने के लिए वह हरसंभव प्रयास करेगी।"
उन्होंने स्वीकार किया कि यह करार कई राजनीतिक प्रक्रियाओं के दौर से गुजरेगा। उनके मुताबिक लोकतंत्र में यह होना भी चाहिए क्योंकि यह देश हित से जुड़ा मसला है।
पूर्व विदेश सचिव ने कहा कि करार को सफल बनाना ही बुद्धिमानी होगी। भले ही देर से ही क्यों न हो।
उन्होंने कहा कि लोगों की चिंता इस बात को लेकर है कि कहीं करार संपन्न हो जाने के बाद हम परमाणु विस्फोट के अधिकार तो नहीं खो देंगे या फिर हमारे अनुसंधान और विकास से जुड़े कार्य बाधित तो नहीं हो जाएंगे।
उन्होंने विश्वास जताया कि भारत सरकार आमजन की इन चिंताओं का जरूर ख्याल रखेगी तभी करार पर अपने कदम आगे बढ़ायेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।