पाकिस्तान में आत्मघाती हमला, 3 मरे
इस्लामाबाद, 6 मई (आईएएनएस)। पाकिस्तान के उत्तर पश्चिमी सीमावर्ती प्रांत में मंगलवार को एक पुलिस चौकी पर हुए आत्मघाती हमले में दो पुलिसकर्मी समेत हमलावर की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए।
समाचार एजेंसी जिनहुआ ने डान टीवी समाचार चैनल के हवाले से बताया कि उत्तर पश्चिमी सीमावर्ती प्रांत के बान्नू शहर में रिक्शा पर सवार एक आत्मघाती हमलावर पुलिस चौकी में घुसने की कोशिश कर रहा था लेकिन पुलिसकर्मियों द्वारा रोके जाने पर उसने विस्फोट कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार हमले में दो पुलिसकर्मी समेत हमलवार की मौत हो गई और अन्य पांच लोग घायल हो गए हैं। घायलों को बान्नू के सैनिक अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।
फिलहाल किसी आतंकवादी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। गौरतलब है कि प्रांत में सरकार और तालिबानियों के बीच शांति वार्ता भंग होने के बाद गत दो दिनों के भीतर पुलिसकर्मियों पर किया गया यह दूसरा आत्मघाती हमला है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
