बिहार में 63 नेताओं के सामूहिक इस्तीफे की जांच होगी
पटना, 6 मई (आईएएनएस)। राज्य के गया जिले के इमामगंज विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत इमामगंज, डुमरिया और बांकेबाजार प्रखंडों के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और जनतादल-युनाइटेड (जद-यू) प्रखंड अध्यक्ष, सचिव और कार्यसमिति सदस्यों सहित 63 नेताओं के सामूहिक इस्तीफे से सरकार और पार्टी की चिंता बढ़ गई है। उल्लेखनीय है कि रविवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के 63 नेताओं ने नक्सलियों के दबाव में अपने पार्टी पदों से इस्तीफा दे दिया था।
मुख्यमंत्री ने कल शाम जनता दरबार के बाद पत्रकारों को बताया कि पुलिस ज्यादती के आरोपों की जांच महानिरीक्षक स्तर के अधिकारी करेंगे। वहीं पार्टी के कार्यकर्ताओं के इस्तीफे के कारणों की जांच जद-यू नेताओं द्वारा की जाएगी। जांच दल में बिहार सहित अन्य राज्यों के जद-यू नेता भी होंगे।
उन्होंने कहा कि इस घटना से पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद यादव को अवगत करा दिया गया है। उन्होंने बताया कि अब तक की जानकारी के अनुसार पुलिस ज्यादती के बाद नक्सलियों के फरमान पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने इस्तीफे दिए हैं।
कुमार ने कहा कि पुलिस ने किस प्रकार की ज्यादती की, इसकी भी जांच कराई जाएगी। दोनों जांच दलों की रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
