तेल व तिलहन वायदा सीबोट की शह पर झूमे
नई दिल्ली, 6 मई (आईएएनएस)। तेल की कीमतों में रिकार्ड तेजी व वैश्विक तेल व तिलहन बाजारों से मिले सकारात्मक रुझानों के बीच घरेलू तेल व तिलहन वायदा चढ़कर बंद हुए।
मलेशिया के वायदा बाजार बुरसा मलेशियन डेरीवेटिव्स (बीएमडी) में आज कच्चा पाम तेल यानी सीपीओ का जून वायदा हालांकि 3 रिंगिट गिरकर 3,387 रिंगिट प्रति टन बंद हुआ। घरेलू वायदा बाजार में कामकाज की समाप्ति पर शिकागो बोर्ड आफ ट्रेड (सीबोट) में सोया तेल का जुलाई वायदा 48 अंक ऊपर था। उधर नाइमेक्स में कच्चे तेल की कीमत आज 120 डालर प्रति बैरल के ऊपर चली गई।
एनसीडीईएक्स में आज सोया तेल का मई वायदा 9.45 रुपये बढ़कर 579.70 रुपये प्रति 10 किलो बंद हुआ। समान अवधि का सोया तेल वायदा इंदौर स्थित नेशनल बोर्ड आफ ट्रेड (एनबीओटी) में 9.90 रुपये की मजबूती से 580.50 रुपये प्रति 10 किलो दर्ज किया गया। एमसीएक्स में समान अवधि का सोया तेल वायदा 9.50 रुपये चढ़कर 580.20 रुपये प्रति 10 किलो बंद हुआ।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
