मध्य प्रदेश के मुरैना में इनामी डकैत मुठभेड़ में ढेर
भोपाल, 6 मई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मुरैना में पुलिस ने सोलह हजार के इनामी डकैत गब्बर सिंह को मुठभेड़ में मार गिराया है। गब्बर सिंह पर एक दर्जन से अधिक हत्या, लूट और अपहरण के मामले दर्ज थे।
मुरैना के जिला पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह के मुताबिक सोमवार और मंगलवार की रात सामाखेड़ा और दुहारा के जंगल में गब्बर सिंह गिरोह से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। सुबह लगभग चार बजे पुलिस ने गब्बर सिंह को मार गिराने में सफलता हासिल की।
गब्बर सिंह पिछले डेढ़ दशक से चंबल के बीहड़ों में सक्रिय था और मुरैना और ग्वालियर का एक सूचीबद्घ डकैत था, जो अपहरण और लूट जैसी वारदातों को अंजाम देने के कारण चर्चाओं में था। उसके गिरोह में सात सदस्य थे।
गब्बर सिंह के मारे जाने के बाद पुलिस को उम्मीद है कि उसका गिरोह खत्म हो जाएगा। वर्तमान में बकीला गूजर और पंजाब सिंह का गिरोह सक्रिय है, जो पुलिस और इस इलाके के लोगों की नाक में दम किए हुए है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।