अखिलेश दास का कांग्रेस से इस्तीफा, बसपा में जाने की अटकलें (लीड)
नई दिल्ली, 6 मई (आईएएनएस)। पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री तथा कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य अखिलेश दास ने आज कांग्रेस और राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। उनके इस्तीफे के साथ ही यह अटकलें अब तेज हो गई हैं कि वह अब हाथी की सवारी कर सकते हैं। बहरहाल, कांग्रेस ने उनके इस्तीफे को कुंठा में उठाया गया कदम बताया है।
दास ने बड़े ही नाटकीय अंदाज में राज्य सभा से अपना इस्तीफा दिया। उन्होंने यह कहते हुए राज्य सभा के सभापति हामिद अंसारी को अपना इस्तीफा सौंपा कि कांग्रेस पार्टी में अब उनकी आस्था नहीं रही। इसके बाद दास ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को भी अपना इस्तीफा भेज दिया।
इस्तीफा देने के बाद संसद भवन परिसर में दास ने संवाददाताओं को बताया कि कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा देने के बाद वह तनावमुक्त महसूस कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा और उन पर आरोपों की बौछार लगा दी।
राहुल के करीबी समझे जाने वाले दास ने अपने इस्तीफे की घोषणा के साथ सबसे पहला निशाना भी राहुल पर ही साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल 'चापलूसों की चौकड़ी' से घिरे हुए हैं।
गौरतलब है कि पिछले महीने ही दास को मंत्रिपरिषद से हटाया गया था। वह मनमोहन सिंह की सरकार में इस्पात राज्यमंत्री का कार्यभार संभाल रहे थे।
इस बीच, कांग्रेस पार्टी ने कहा है कि दास ने कुंठा से ग्रस्त होकर पार्टी व राज्य सभा की सदस्यता से इस्तीफा दिया है। उसके मुताबिक केंद्रीय मंत्रिमंडल से हटाए जाने के बाद से ही दास कुंठाग्रस्त थे।
कांग्रेस प्रवक्ता जयंती नटराजन ने कहा, "पार्टी में आना जाना लगा रहता है। दास के पार्टी छोड़ने से कांग्रेस को कुछ नुकसान नहीं होगा। उत्तर प्रदेश में भी पार्टी की सेहत पर इसका कोई असर नहीं पड़ेगा।"
दास द्वारा कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी पर लगाए गए आरोपों को भी कांग्रेस ने सिरे से खारिज कर दिया। नटराजन ने कहा कि कांग्रेस पार्टी उनके आरोपों को अवमानना मानती है और उसे झूठ करार देती है।
बहरहाल, दास के कांग्रेस से इस्तीफे की अटकलें उसी दिन से लगने लगी थी जब उन्हें मंत्रिपरिषद से हटाया गया था। आज के ताजा घटनाक्रम के बाद उनके अगले कदम को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। फिलहाल सूबे में सत्तारूढ़ बहुजन समाज पार्टी (बसपा) में उनके प्रवेश को लेकर चर्चाएं गरम हैं।
उत्तर प्रदेश में वर्ष 1979 में मुख्यमंत्री रहे बाबू बनारसी दास के बेटे अखिलेश दास ने कांग्रेस की राजनीति में अपनी जगह पहली बार वर्ष 1999 में तब बनाई जब वह लखनऊ के महापौर बने। इसके बाद वे दो बार राज्यसभा सदस्य बने। दो साल पहले वह केन्द्र में इस्पात राज्य मंत्री बनाए गए थे।
दास लखनऊ से लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए बेताब हैं। इसके लिए वह पहले से ही पार्टी के समानांतर गतिविधियां चला रहे थे। 'लखनऊ विकास मंच' के बैनर तले ये सभी कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
