सूरज के तीखे तेवर ने बरपाया कहर, बंद हुए स्कूल
नई दिल्ली, 5 मई (आईएएनएस)। हरियाणा और हिमाचल प्रदेश को छोड़कर लगभग पूरे उत्तर भारत में बढ़ती गर्मी के कारण जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। झारखंड की राजधानी रांची के स्कूलों में गर्मी की छुट्टियां समय से पहले कर दी गई हैं।
रांची जिले के कुछ इलाकों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के ऊपर चले जाने के बाद यहां के जिला प्रशासन ने आज स्कूलों को निर्देश दिया कि वे गर्मी की छुट्टियों की घोषणा समय से पहले कर दें। लगभग 10 स्कूलों में पहले से ही छुट्टियों की घोषणा कर दी गई है।
रांची के डीएवी जवाहर विद्या मंदिर के प्राचार्य डी.आर. सिंह ने कहा, "हम मंगलवार से स्कूल बंद कर रहे हैं।" रविवार को रांची शहर का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चला गया था।
गौरतलब है कि लू लगने के कारण झारखंड में पहले ही चार लोगों की जान जा चुकी है। रविवार को यहां के धनबाद शहर में 44 डिग्री और जमशेदपुर एवं बोकारों में तामान 43 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा था।
उधर उत्तर प्रदेश में भी गर्मी ने अपना कहर बरपा रखा है। उस पर बिजली कटौती की बढ़ती समस्या ने करेले पर नीम चढ़ाने का काम किया है।
आज लखनऊ का अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री सेल्सियस था। लेकिन बुंदेलखंड क्षेत्र से आने वाली गर्म हवाओं से तापमान में खासा इजाफा हो गया। ओरई और जालौन जिले का तापमान आज 44.8 डिग्री सेल्सियस पर जा पहुंचा।
इस दौरान आगरा का तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस और इलाहाबाद, वाराणसी एवं मेरठ का तापमान 41 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा।
बहरहाल बादलों की मेहरबानी से राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गर्मी से फिलहाल कुछ राहत मिली है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
