चीनी राष्ट्रपति को जापान के साथ बेहतर संबंधों की उम्मीद
बीजिंग, 4 मई (आईएएनएस)। इस माह की छह तारीख को जापान की यात्रा पर जाने वाले चीन के राष्ट्रपति हू जिंताओ ने रविवार को कहा है कि इस यात्रा को वह दोनों देशों के बीच एक नई शुरुआत के तौर पर देख रहे हैं।
हू की यह यात्रा दस वर्ष में किसी भी चीनी राष्ट्रपति की पहली जापान यात्रा होगी। हू ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि जापानी जनता भी शांति और मित्रता में विश्वास रखती है।
उल्लेखनीय है कि इस माह दोनों देशों के बीच 'शांति और मैत्री संधि' को भी तीस वर्ष होने जा रहे हैं।
हू की यात्रा से पूर्व चीनी युवाओं का एक 200 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल जापान की सात दिवसीय यात्रा पर है। दोनों ओर के इस मैत्रीपूर्ण आदान-प्रदान के तहत करीब 4 हजार जापानी और चीनी युवा आगामी चार वर्षो में एक दूसरे से मिलेंगे।
जापान की यात्रा पर गए प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई कम्युनिस्ट युवा लीग की केंद्रीय कमेटी के नेता झांग जियाओलान कर रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।