फिनएयर जून से भारत के लिए उड़ानों में बढ़ोतरी करेगी
नई दिल्ली, 4 मई (आईएएनएस)। फिनलैंड की विमान सेवा कंपनी 'फिनएयर' जून से भारत के लिए एक अतिरिक्त उड़ान सेवा शुरू करेगी। इसके साथ ही कंपनी दिल्ली-मुंबई के अतिरिक्त अन्य स्थानों से उड़ानें शुरू करने के लिए भी केंद्र सरकार की अनुमति का इंतजार कर रही है।
फिनएयर की भारतीय उपमहाद्वीप की निदेशक टैना टॉर्नस्टार्म ने आईएएनएस को बताया, "फिलहाल भारत से हेलसिंकी तक सप्ताह में 12 उड़ानें हैं। जून से हम नई दिल्ली से रोजाना एक और मुंबई से सप्ताह में छह उड़ानें शुरू करेंगे।"
उन्होंने बताया कि फिनएयर अतिरिक्त उड़ानें भी शुरू करना चाहती है। दोनों देशों के बीच मौजूदा द्विपक्षीय समझौते के तहत केवल दिल्ली और मुंबई से ही उड़ानें भरी जा रही हैं।
उल्लेखनीय है कि फिनएयर बंगलौर और चेन्नई से भी उड़ानें शुरू करना चाहती है। साथ ही भारत से यूरोप जाने वाले यात्रियों के लिए भी सेवाएं शुरू करना चाहती है।
टॉर्नस्टार्म के अनुसार गत वर्ष फिनलैंड जाने वाले एशियाई यात्रियों की संख्या में 24 प्रतिशत वृद्धि हुई थी।
वह बताती हैं कि फिनलैंड के दूतावास द्वारा प्रदान किए जाने वाले वीजा की संख्या में भी वृद्धि हुई है। पिछले वर्ष 60,000 वीजा दिए गए थे।
उनके अनुसार मुंबई और न्यूयॉर्क के बीच फिनएयर की दूसरी सबसे तेज उड़ान सेवा है। यह करीब 17 घंटे में अपने गंतव्य तक पहुंचती है। दोनों स्थानों के बीच एयर इंडिया की उड़ान सेवा सबसे तेज है। यह 15.30 घंटे में अपना सफर तय करती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications