तहबाजारी को लेकर हुई फायरिंग, 1 मरा
इलाहाबाद, 4 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद में तहबाजारी की वसूली को लेकर हुई फायरिंग में रविवार को एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना से गुस्साई भीड़ ने पुलिस पर पथराव किया और उनकी गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया। फिलहाल लापरवाही बरतने के आरोप में चौकी प्रभारी को निलंबित कर दिया गया है।
पुलिस महानिदेशक के प्रवक्ता ने बताया कि इलाहाबाद के मेजा थाना के अंतर्गत रामनगर चिरैया मोड़ पर आज वसूली के लिए रविशंकर शुक्ला, राजेश त्रिपाठी और राजूकांत शुक्ला नामक अभियुक्तों ने भय फैलाने की नीयत से हवाई फायरिंग की और ग्रामीणों को मारा पीटा। इसके बाद हुई हाथापाई में दुकानदार विवेक शर्मा को गोली लग गई और अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई।
इस घटना के बाद उत्तेजित ग्रामीणों ने पुलिस के टालमटोल भरे रवैये व देर से मौके पर पहुंचने की वजह से उस पर पथराव करना शुरू कर दिया और दो गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए और स्थिति को नियंत्रण में लिया। फिलहाल तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है और मेजा थाना प्रभारी को निलंबित कर दिया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications