अर्जुन सिंह का वादा, शिक्षा विधेयक मानसून सत्र में
नई दिल्ली, 4 मई (आईएएनएस)। मानव संसाधन विकास मंत्री अर्जुन सिंह ने कहा है कि शिक्षा अधिकार विधेयक संसद के मानसून सत्र में पारित कर दिया जाएगा।
राष्ट्रीय बाल अधिकार रक्षा आयोग (एनसीपीसीआर) की अध्यक्ष शांता सिंहा के नेतृत्व में शनिवार को एक प्रतिनिधिमंडल ने अर्जुन सिंह से मुलाकात की। अर्जुन सिंह ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि मानसून सत्र में इस विधेयक को पारित कर दिया जाएगा।
शिक्षा अधिकार विधेयक के अनुसार छह से 14 वर्ष की उम्र के सभी बच्चों को मुफ्त और अनिवार्य शिक्षा प्राप्त करने का अधिकार मिलेगा।
प्रतिनिधिमंडल के सदस्य अशोक अग्रवाल ने कहा, "संसद में इस विधेयक को जल्द से जल्द पेश किए जाने को लेकर हमने मानव संसाधन विकास मंत्री से मुलाकात की। उन्होंने हमें आश्वस्त किया कि मानसून सत्र में यह विधेयक पेश कर दिया जाएगा।"
प्रतिनिधिमंडल में नेहरू स्मारक संग्रहालय और पुस्तकालय की निदेशक मृदुला मुखर्जी और ऑल इंडिया ट्रेड यूनियन कांग्रेस (एटक) की प्रमुख अमरजीत कौर शामिल थीं।
विधेयक के अनुसार सरकारी विद्यालयों को छह से 14 वर्ष की उम्र के सभी बच्चों को मुफ्त शिक्षा मुहैया करानी होगी और निजी विद्यालयों को 25 फीसदी बच्चों को मुफ्त में शिक्षा मुहैया करानी होगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।