बिहार में 3 अपराधी मारे गए
पटना, 4 मई (आईएएनएस)। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के सुगौली थाना क्षेत्र के परसौना गांव में शनिवार देर रात पुलिस व अपराधियों के बीच मुठभेड़ में एक कुख्यात अपराधी मारा गया जबकि ग्रामीणों ने दो अपराधियों की पीट-पीट कर मार डाला।
अपराधियों की पहचान केशव राम, गुदड़ी साह उर्फ गुदड़ और सोने लाल पासवान के रूप में की गई है। सभी अपराधी मोखलिसपुर गांव के बताए गए हैं। मुठभेड़ में बंजरिया थाना के प्रभारी राम पुकार सिंह समेत दो आरक्षी भी घायल हो गए। पुलिस ने घटना स्थल से दो देशी रायफल, एक बंदूक और एक 9 एमएम के पिस्टल सहित भारी मात्रा में गोलियां बरामद की।
पूर्वी चंपारण के पुलिस अधीक्षक नैयर हुसैन खां ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि कल देर रात पुलिस को सूचना मिली कि दर्जनों कांडों में वांछित अपराधी केशव राम अपने दो सहयोगियों के साथ अपने पैतृक गांव मोखलिसपुर आया हुआ है। सूचना पाकर छापेमारी करने गई। पुलिस को देख अपराधियों ने गोली-बारी शुरू कर दी और गोली चलाते हुए अपराधी भागने लगे।
भागते हुए अपराधियों ने परसौना गांव के कमरूल मियां को पूर्व विवाद के चलते गोली मार दी, जिससे कमरूल मियां घायल हो गए। इस घटना को देख ग्रामीण उग्र हो गए और दो अपराधियों गुदड़ी साह और सोने लाल को पकड़ लिया और पीट-पीट कर उन्हें मार डाला। इस बीच पुलिस भी घटना स्थल पर पहुंच गयी। पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें कुख्यात अपराधी केशव राम मारा गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications